मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई वीजीसी मंडी की ओर से वीरवार को प्रदेश सरकार की नई जॉब ट्रेनी पॉलिसी के विरोध में कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इकाई मंत्री कारण धामी ने कहा कि यह नीति प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लाई गई यह नीति नियमित भर्तियों की जगह युवाओं को अस्थायी ट्रेनी के रूप में नियुक्त करने की साजिश है। इस नीति के तहत ग्रुप-ए से ग्रुप-सी तक की भर्तियां अब सीधे नियमित नहीं होंगी, बल्कि चयनित युवाओं को पहले दो साल की ट्रेनी अवधि में रखा जाएगा।
इस दौरान उन्हें केंद्रीय सिविल सेवाएं नियमों के तहत कोई भी लाभ नहीं मिलेगा। इतना ही नहीं दो साल बाद भी उन्हें दोबारा परीक्षा देकर ही नियमित किया जाएगा। कारण धामी का कहना है कि यह व्यवस्था युवाओं को असुरक्षित रोजगार की ओर धकेल रही है, जिससे बेरोजगारी और असंतोष में वृद्धि होगी। संवाद