मंडी। एबीवीपी मंडी ने सरदार वल्लभ भाई पटेल क्लस्टर विवि को राज्य विवि बनाने और कई अन्य मांगों को लेकर क्लस्टर विवि से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली और प्रदर्शन किया।
उसके बाद विद्यार्थी परिषद ने उपायुक्त के माध्यम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा। इसमें क्लस्टर विवि को राज्य विवि बनाए जाने के अलावा क्लस्टर विवि के घटक महाविद्यालयों को क्लस्टर विवि में विलय की प्रक्रिया को पूरा करने, क्लस्टर विवि में शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारियों की नियुक्ति जल्द करने, विवि का बजट 10 करोड़ से बढ़ाकर 100 करोड़ करने, क्लस्टर विवि में सभी संकायों की कक्षाएं इसी सत्र से शुरू करने, क्लस्टर विवि का अपना स्थायी परिसर बनाए जाने की मांग शामिल है। मंडी में एक से दो बजे तक रैली और प्रदर्शन के चलते शहर में कुछ देर के लिए यातायात जाम हो गया।
उपायुक्त कार्यालय के गेट के सामने प्रदर्शन करते हुए क्लस्टर विवि इकाई अध्यक्ष विशाल मल्होत्रा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने लंबा आंदोलन क्लस्टर विवि के लिए लड़ा है। उस आंदोलन के कारण ही पिछले सत्र से 6 विषय विवि में शुरू किए गए। मुख्यमंत्री के गृह जिले में क्लस्टर विवि होने के बावजूद सरकार ने क्लस्टर विवि के विकास के लिए अभी तक ठोस कदम नहीं उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि क्लस्टर विवि की वास्तविक स्थिति देखें तो 4-5 कमरों में पूरा विवि चल रहा है। अगर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की क्लस्टर विवि में बात करें तो प्रदेश सरकार ने कुलपति की नियुक्ति तो कर दी गई, परंतु अभी तक स्थायी रजिस्ट्रार, स्थायी परीक्षा नियंत्रक, स्थायी शिक्षक और स्थायी गैर शिक्षक कर्मचारी नियुक्त नहीं किए हैं। छात्रों को अभी तक मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सरकार जो सुस्त रवैया क्लस्टर विश्वविद्यालय के विषय में अपनाए हुए है उसके खिलाफ विद्यार्थी परिषद सड़कों पर उतरने जा रही है। इस अवसर पर विभाग कार्यालय मंत्री राहुल भंडारी, विशाल ठाकुर, विशाली गुलेरिया, कोमल भाटिया, करण और नवीन आदि मौजूद रहे।