थुनाग (मंडी)। पुलिस थाना जंजैहली के अंतर्गत लेहगला के समीप शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ट्रक और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक युवक की पहचान पीयूष कुमार (20) पुत्र दौलत राम, निवासी धन्यार जरोल के रूप में हुई है। घायल युवक गुलशन पुत्रहेम सिंह निवासी लंबाथाच का रहने वाला है जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार जंजैहली की ओर से गैस सिलिंडर से लदा एक ट्रक चैलचौक की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रक लेहगला के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रही स्कूटी पर सवार दो युवक अचानक उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी चला रहे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मंडी पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने हादसे बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। संवाद