कार पर पत्थर गिरने से घायल हुआ व्यक्ति अस्पताल में भर्ती। संवाद
मंडी। मंडी-पंडोह एनएच पर चार मील के पास चलती ऑल्टो कार पर पहाड़ी से पत्थर आ गिरा। इससे कार में सवार चाची और भतीजा जख्मी हो गए। दोनों की पहचान बालीचौकी तहसील के पंजाई के काऊ गांव निवासी दुनी चंद और प्रेमी देवी के रूप में हुई है। दुनी चंद, प्रेमी का भतीजा है।
दुनी चंद बुधवार को अपनी कार से चाची प्रेमी देवी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी ला रहा था। इसी दौरान सुबह 7:30 बजे चार मील के पास अचानक पहाड़ी से एक पत्थर कार के अगले शीशे को तोड़कर अंदर घुस गया। इससे दोनों जख्मी हो गए। किसी तरह दुनी चंद ने कार पर नियंत्रण पाया। घटना के बाद घायलों को कुल्लू की ओर से आ रही निजी गाड़ी से मंडी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां इनका उपचार जारी है। हालांकि गाड़ी की पिछली सीट पर बैठा युवक पुरी तरह से सुरक्षित है।
बता दें कि इस सड़क पर पहले भी चार मील से लेकर नौ मील तक वाहनों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की कई घटनाएं पेश आ चुकी हैं। एनएचएआई और फोरलेन के निर्माण कार्यों में जुटी कंपनियों की लापरवाही लोगो की जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। मंडी से कुल्लू के बीच मंडी से पंडोह के बीच सफर जोखिमपूर्ण हो गया है। उधर, एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
हादसे का शिकार हुई कार से सामान चोरी
चार मील में हुई घटना के बाद क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचे घायलों के तीमारदारों ने बताया कि हादसे के बाद कार को हाईवे के किनारे पर लगाया था। इस दौरान अज्ञात लोग कार से सामान निकालकर ले गए।
कार पर पत्थर गिरने से घायल हुआ व्यक्ति अस्पताल में भर्ती। संवाद