नलसर में 15 को होगा एक दिवसीय मेला, बैठक में की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
बग्गी (मंडी)। नलसर में एक दिवसीय ग्रामीण मेले के आयोजन को लेकर वीरवार को नलसर पंचायत में सचिव लता ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें व्यापार मंडल नलसर, विभिन्न महिला मंडलों के पदाधिकारियों सहित पंचायत के बुद्धिजीवियों ने मेले के सफल आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया। सभी ने अपने-अपने विचार रखकर निर्णय लिया कि मेले में शामिल होने वाले देवताओं के सम्मान में एक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। 15 मार्च को एक दिवसीय मेला होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। इसमें नलसर क्षेत्र के स्कूलों के बच्चे और महिला मंडलों की महिलाओं को अपनी प्रतिभा को पेश करने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को सम्मान प्रदान करने के लिए स्मृति चिह्न के साथ उपहार दिए जाएंगे। मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न प्रकार की कमेटियों का गठन किया गया।
व्यापार मंडल नलसर के प्रधान हरीश कुमार ने पंचायत के सभी व्यापारियों और ग्रामीणों से मेले को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग की अपील की है।