परिजनों का आरोप, युवक करता था परेशान
मानसिक उत्पीड़न के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
लगातार फोन और मिलने के दबाव से परेशान थी युवती, सुसाइड नोट भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर क्षेत्र में बीएससी नर्सिंग की एक प्रशिक्षु की ओर से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि युवती एक युवक की ओर से किए जा रहे कथित मानसिक उत्पीड़न से परेशान थी। इसी तनाव के चलते मंगलवार देर शाम उसने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को घर से सुसाइड नोट भी मिला है।
मृतका की पहचान 22 वर्षीय दिव्य ज्योति के रूप में हुई है, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर में प्रशिक्षण ले रही थी। परिजनों के अनुसार बीते 6 अप्रैल को युवती ने अपने पिता को जानकारी दी थी कि पठानकोट का रहने वाला ललित नाम का एक युवक उसे बार-बार फोन कर परेशान कर रहा है और मिलने के लिए दबाव बना रहा है। 4 अप्रैल को भी आरोपी युवक ने कई बार कॉल कर उसे सीएचसी सुंदरनगर के बाहर मिलने के लिए कहा, लेकिन युवती ने मना कर दिया था। इसके बावजूद लगातार कॉल और दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में थी। घटना के बाद परिजनों ने कमरे की तलाशी ली, जहां से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें भी आत्महत्या का कारण मानसिक उत्पीड़न बताया गया है। पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बना लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में सोलर उपकरण लगाने के सिलसिले में उनके घर आया था। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। शव का पोस्टमार्टम नेरचौक मेडिकल कॉलेज में करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।