बहे लाल पुल की जगह डबल लेन पुल का कार्य शुरू, अगस्त 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य
14 करोड़ से बनेगा नया पुल, पंडोह बाजार का कारोबार भी पकड़ेगा रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पंडोह क्षेत्र के लोगों की बहु प्रतीक्षित मांग जल्द पूरी होने की उम्मीद जगी है। पंडोह को द्रंग विधानसभा क्षेत्र से जोड़ने के लिए नए डबललेन स्टील पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह पुल लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। पुल को अगस्त 2026 तक पूरी तरह तैयार कर का लक्ष्य रखा गया है। पुल बनने से आसपास की सात पंचायतों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल लोगों को पंडोह से द्रंग की ओर जाने के लिए करीब 8 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है, जो इस पुल के शुरू होने के बाद समाप्त हो जाएगा।
नया पुल 110 मीटर लंबा और पुराने पुल से लगभग 6 फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान न हो। 1923 में अंग्रेजों के समय बना पुराना लाल पुल 2023 की भारी बरसात में ब्यास नदी के तेज़ बहाव में बह गया था, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी थी। अब नया आधुनिक डबललेन पुल बनने से न केवल यातायात सुचारु होगा, बल्कि पंडोह बाजार और द्रंग क्षेत्र के बीच आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। पंडोह बाजार में पुल बनने के बाद कारोबार भी रफ्तार पकड़ेगा।
स्थानीय निवासी प्रकाश चंद, रोहित कुमार और डीके ठाकुर ने पुल निर्माण कार्य के तेजी से आगे बढ़ने पर खुशी जताई है। कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल क्षेत्र के विकास की नई राह खोलेगा और लंबे समय से चली आ रही उनकी परेशानी को दूर करेगा। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रवीण तलवार ने बताया कि पुल का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस कार्य को अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बॉक्स
नया पुल बनने से इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मौजूदा समय में अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है, लेकिन जल्द पुल तैयार होने से सफर कम होने की उम्मीद है।
-दलीप ठाकुर, स्थानीय निवासी
पुल बनने पर पंडोह से द्रंग क्षेत्र का आना-जाना बहुत आसान हो जाएगा। पिछले दो साल से परेशानी झेल रहे लोगों को अब राहत की सांस मिलेगी।
-टेक चंद निवासी नागघर