ग्राम सभा की बैठक में तीन स्थानों पर भूमि के विकल्प रखे
दीवान चंद चौधरी की भूमि का सर्वसम्मति से चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नवगठित ग्राम पंचायत छत्तर में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त पंचायत भवन का निर्माण होगा। भवन में ग्रामीणों की बैठकों के लिए सुविधाजनक बैठक कक्ष, पंचायत स्तर पर विवादों के निपटारे के लिए न्यायालय कक्ष, शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शनिवार को पंचायत भवन में प्रधान राहुल लखनपाल की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक हुई। इसमें पंचायत भवन के लिए तीन स्थानों पर उपलब्ध भूमि के विकल्प रखे गए। विचार-विमर्श के बाद ग्राम सभा ने दीवान चंद चौधरी की ओर से उपलब्ध करवाई गई दस बिस्वा भूमि का सर्वसम्मति से चयन किया।
बैठक में पंचायत सचिव ने 16वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित और जारी विकास कार्यों की सूची भी प्रस्तुत की। ग्रामीणों को विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
प्रधान राहुल लखनपाल ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में बिना भेदभाव विकास कार्य करवाए जाएंगे। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।