सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर में एक 65 वर्षीय व्यक्ति को 13 साल की नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी 65 वर्षीय नारायण राम पिछले दिनों अपनी बीमार सास की देखभाल के लिए अपने ससुराल में रुका था।
इस दौरान गांव में उसकी अच्छी जान पहचान हो गई थी। आरोप है कि आरोपी 13 जनवरी को गांव की 13 वर्षीय नाबालिग को बहला फुसलाकर एकांत स्थान पर ले गया और दुष्कर्म को अंजाम दिया। घटना के बाद से बच्ची कुछ दिनों तक सहमी रही। जब परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने आपबीती घरवालों को बताई।
नाबालिग के पिता ने मामले का पता चलते ही मंगलवार देर शाम को पुलिस थाना बीएसएल काॅलोनी में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को देर शाम ही हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।