पधर (मंडी)। गवाली में शनिवार रात ढाबे के बाहर मामूली टकराने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गया और अजय कुमार की जान चली गई। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सोमवार को तीनों को पधर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 सितंबर तक तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी आदित्य ने पुलिस को बताया कि अजय कुमार उनका परिचित नहीं था। शनिवार रात को तीनों गवाली स्थित एक ढाबे पर चॉकलेट खरीदने गए थे। चॉकलेट खरीदने के बाद तीनों ढाबे के बाहर खड़े थे। इसी दौरान अजय कुमार ढाबे से बाहर आया और आदित्य से टकरा गया। इस पर आदित्य ने उसे देखकर चलने की नसीहत दी थी। इसी बात को लेकर युवक आपस में उलझ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसी दौरान अजय कुमार अचानक नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। आरोपियों के अनुसार उसकी सांस अटकने लगी थी। इसके बाद मौके पर उसे पंपिंग दी गई।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अजय को बेहोशी की हालत में उसके मामा के बेटे दिनेश कुमार के साथ उपचार के लिए पधर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपियों से घटना की परिस्थितियों, धक्का-मुक्की में उनकी भूमिका और मौत के कारणों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के सही कारण साफ होंगे।