मंडी। शातिरों ने अब टनल के अंदर मार्ग के किनारे नालियों के ऊपर लगाए लोहे के जालों की चोरी शुरू कर दी है। मंडी शहर के साथ सटे फोरलेन पर मलोरी टनल नंबर सात के अंदर एक वाहन चालक ने वाहन को खड़ा कर वहां से लोहे के जाले को उखाड़ कर चोरी कर लिया। ााचोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
अन्य वाहनों के चालकों को चकमा देने के लिए शातिर गाड़ी के पीछे तिरपाल उठाने का नाटक कर रहा था। मौका मिलने पर नालियों के ऊपर से लोहे के जाले को उठाकर गाड़ी में डाल रहा था। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज में शातिर का चेहरा भी साफ तौर पर नजर आ रहा है।
बता दें कि मंडी शहर में सड़क किनारे राहगीरों के लिए बनाए फुटपाथ से भी लोहे के जाले चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। शहर में भी कुछ दिन पहले एक शातिर का इस तरह का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। पुलिस ने उसे दबोच कर लोहे के जाले भी कबाड़ी से बरामद किए थे। अब शातिर फोरलेन की टनल के अंदर इन लोहे के जालों को चुराने में लगे हुए हैं। नगर निगम क्षेत्र के फोरलेन से लोहे के जाले चोरी करने की घटना पर नगर निगम जांच करने में जुट गया है। नगर निगम के सफाई पर्यवेक्षक सतीश गुलेरिया ने बताया कि शातिर को पकड़ने के लिए पुलिस से भी संपर्क साधा है। संवाद