21 किसानों की बदलेगी तकदीर, पारंपरिक खेती छोड़ बागवानी की ओर बढ़े कदम
अब टपक सिंचाई और सोलर बाड़बंदी से महकेंगे अमरूद के बगीचे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्य संवर्धन परियोजना (एचपी शिवा) के तहत मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के बही गांव में आधुनिक बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के सहयोग से यहां 8.7 हेक्टेयर भूमि पर अमरूद क्लस्टर विकसित किया गया है, जिससे 21 किसान जुड़े हैं।
क्लस्टर में अमरूद की उन्नत किस्मों हिसार सफेदा और जारवी रेड के कुल 9,180 पौधे रोपित किए गए हैं। इसके विकास और आधारभूत सुविधाओं पर अब तक 1 करोड़ 6 लाख 54 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसमें भूमि सुधार, समतलीकरण, जल निकासी, टपक सिंचाई और जंगली जानवरों व बेसहारा पशुओं से बचाव के लिए सोलर बाड़बंदी की व्यवस्था शामिल है।
जून 2025 में रोपित पौधे अब चार से पांच फीट तक ऊंचे हो चुके हैं। सीएचपीएमए प्रधान सुरेश ठाकुर और लाभार्थी निर्मला देवी ने बताया कि पहले जंगली जानवरों से पारंपरिक फसलों को नुकसान होता था, लेकिन सोलर बाड़बंदी से अब खेती सुरक्षित हुई है। लाभार्थी जगदीश चंद ने उम्मीद जताई कि फल उत्पादन शुरू होने से किसानों की आय बढ़ेगी और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। परियोजना के तहत किसानों को उत्पादन के साथ ग्रेडिंग, पैकेजिंग, भंडारण और विपणन की सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
आधुनिक बागवानी से किसानों की आय बढ़ाना लक्ष्य
एचपी शिवा परियोजना का उद्देश्य पारंपरिक खेती पर निर्भरता कम कर किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी से जोड़ना और उनकी आय बढ़ाना है। क्लस्टरों के सुचारु संचालन के लिए सामुदायिक बागवानी उत्पादन एवं विपणन संघ (सीएचपीएमए) तथा जल उपयोगकर्ता संघ (डब्ल्यूयूए) गठित किए गए हैं। -शबनम राणा, उद्यान विकास अधिकारी, सरकाघाट