दुकानदार सड़क पर न सजाएं सामान
सुंदरनगर (मंडी)। डीएसपी सुंदरनगर कुलभूषण वर्मा ने स्थानीय व्यापारियों और कारोबारियों से आह्वान किया है कि वह दीपावली के त्योहार के मद्देनजर अपना कोई भी सामान अपनी दुकान के बाहर अतिक्रमण करके न रखें। वहीं पटाखा बेचने वाले कारोबारी प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही पटाखे बेचें। नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि त्योहारी सीजन में मार्केट में लोगों की आवाजाही अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में भोजपुर, जीरो चौक मार्केट, पुराना बाजार और ललित नगर में स्थानीय कारोबारी अपना सामान दुकानों के बाहर सजा देते हैं। जिससे यातायात बाधित होता है। उन्होंने त्योहारी सीजन में लोगों से दुपहिया वाहन इस्तेमाल करने का आग्रह किया। जिससे पार्किंग में परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन में जुआ खेलने वालों की धरपकड़ के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार रात के 10 बजे से लेकर सुबह के 6 बजे के बीच जो भी पटाखे चलाएगा। उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। 15 दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर सुंदरनगर में पुलिस ने 645 चालान काटे हैं। पुलिस ने अवैध खनन के मामले में 16 चालान काटे हैं। इसके अलावा स्कूल के बच्चों की वाहनों में ओवर लोडिंग पर 29 चालान काटे गए हैं।