रिवालसर (मंडी)। सरकाघाट क्षेत्र के एक युवक द्वारा अपनी मंगेतर के साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर रिवालसर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नालटा गांव निवासी एक युवती ने रिवालसर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि सरकाघाट के चुहकू गांव निवासी राकेश कुमार के साथ उसकी शादी 23 नवंबर को होनी तय थी। गत 18 नवंबर की सुबह युवक ने उसके मोबाइल पर फोन कर सामान खरीदने के बहाने सरकाघाट बाजार बुलाया। वह उसके कहने पर सरकाघाट गई। युवक उसे बाइक पर बैठा कर रिवालसर ले गया, जहां एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। दुराचार करने के बाद राकेश कुमार शादी करने से मुकर गया। इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को आपबीती बताई। युवती की शिकायत पर रिवालसर चौकी पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 व 377 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।