24 घंटों में गोहर में सबसे ज्यादा 20 एमएम बारिश, आज से होगी प्रचंड गर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले में बारिश और अंधड़ चलने के बावजूद प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। शनिवार को दोपहर दो बजे मंडी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले में 9.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
जिले में सबसे ज्यादा बारिश गोहर में 20 एमएम, जोगिंद्रनगर में 16 एमएम, पंडोह और मंडी में 8-8 एमएम और सुंदरनगर में 7 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि जिले में इस हफ्ते अनुमानित 15.9 एमएम बारिश के मुकाबले 12.1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले में इस हफ्ते बारिश का कोटा माइनस 24 फीसदी रहा। वहीं, एक माह की बाद करें तो जिले में बारिश का कोटा माइनस 34 फीसदी चल रहा है। यानी जिले में अनुमानित बारिश 54.2 एमएम के मुकाबले 36 एमएम बारिश हुई।
हालांकि पिछले तीन दिनों में बारिश और अंधड़ चलने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई थी। 22 मई को जिले में अधिकतम पारा 38.4 डिग्री सेल्सियंस रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आई थी, लेकिन शनिवार को फिर से जिले में अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 26 मई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 27 से मौसम साफ रहेगा और फिर से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। 30 मई को जिले में बारिश की संभावना जताई गई है। उधर, तापमान बढ़ने से दोपहर के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही भी कम हो गई है। शनिवार को दोपहर के समय बाजार खाली नजर आए। वहीं, प्रचंड गर्मी के बीच विद्यार्थी छुट्टी के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
बाॅक्स
गर्मी बढ़ी तो दुकानों के आगे लगा लिए पर्दे
इन दिनों पड़ रही प्रचंड गर्मी के चलते इंदिरा मार्केट में दुकानदारों ने दुकानों के बाहर पर्दे लगा लिए हैं ताकि गर्मी से बचा जा सके। वहीं, इंदिरा मार्केट आने वाले लोग पेड़ों की छाया के नीचे दुबके रहे।