बालीचौकी (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र सिराज के जंजैहली में एसडीएम ऑफिस को लेकर चल रह खींचतान के बीच अब बालीचौकी में भी एसडीएम ऑफिस की मांग उठने लगी है। स्थानीय लोगों का दावा है कि सिराज की भौगोलिक परिस्थितियों के चलते हलके में दो नागरिक उपमंडलों की आवश्यकता है। तहसील की ग्राम पंचायत थाचाधार, बुंगजहलगाड़, सोमगाढ़ के लोगों को एसडीएम कार्यालय गोहर जाने के लिए 110 से 120 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। इसके अलावा तहसील बालीचौकी के लोगों को भी एसडीएम कार्यालय में पहुंचने के लिए 100 किमी का सफर करना पड़ता है। बलदेव शर्मा, संजय ठाकुर, संजीव शर्मा, यशवंत शर्मा, संत राम ठाकुर, पीर सिंह भारद्वाज का कहना है कि यदि संधोल में 2 दिन तक एसडीएम सेवाएं दे सकते हैं तो 15 दिन और 15 दिन बालीचौकी में एसडीएम सेवाएं क्यों नहीं दे सकते हैं। लोगों का कहना कि भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बालीचौकी में सरकारी कार्यालय होने चाहिए।
एसडीएम कार्यालय के लिए करेंगे आंदोलन : महेश
बालीचौकी निवासी महेश ठाकुर का कहना है कि बालीचौकी क्षेत्र सिराज का हिस्सा होने के साथ-साथ क्षेत्र का केंद्र बिंदु भी है। अगर बालीचौकी में एसडीएम कार्यालय के लिए आंदोलन भी करना पड़ा तो हम पीछे नहीं हटेंगे।
गोहर के एसडीएम 15 दिन बालीचौकी में दें सेवाएं : दलीप
स्थानीय निवासी दलीप ने कहा कि राजस्व विभाग के पास मिनी सचिवालय के लिए 1 बीघा जमीन उपलब्ध है। वर्तमान में बालीचौकी तहसील को गोहर उपमंडल के तहत रखा गया और औट तहसील को सदर में रखा गया है। बालीचौकी क्षेत्र पिछड़ा और स्नोबाउंड एरिया है। जब तक बालीचौकी में एसडीएम कार्यालय नहीं खुल जाता है, तब तक एसडीएम गोहर को 15-15 दिन तक बाली चौकी और गोहर में बिठाया जाए।
औट और बालीचौकी के लिए एक हो उपमंडल : दीपक
दीपक शर्मा का कहना है कि बालीचौकी में 14 पटवार सर्कल हैं। औट तहसील में 7 पटवार सर्कल है। इन दोनों तहसीलों को मिलाकर किसी भी एक स्थान और एसडीएम कार्यालय खोला जाए। ताकि क्षेत्र के लोगो को गोहर और जंजैहली कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े।
औट और बालीचौकी को मिलाकर एक हो उपमंडल : संजीव
संजीव शर्मा ने कहा कि बालीचौकी क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। बालीचौकी क्षेत्र की 21 पंचायतों की लगभग 50000 आबादी है। क्षेत्र के लोगों को एसडीएम कार्यालय पहुंचने के लिए 110 से 120 किलोमीटर तक सफर करना पड़ता है। जिसके चलते पूरा दिन आने जाने में ही बर्बाद हो जाता है। बालीचौकी और औट तहसील को मिलाकर यहां पर एसडीएम कार्यालय खोला जाए।
21 पंचायतों के लोगों को परेशानी : यशवंत
यशवंत शर्मा का कहना है कि थुनाग से जंजैहली की लंबाई मात्र 14 किमी है। इसके बावजूद लोग यहां पर आंदोलन और चक्का जाम कर रहे हैं। जबकि, बाली चौकी क्षेत्र की 21 पंचायतों के लोगों को सैकड़ों किमी का सफर तय करना पड़ता है। ऐसे में बालीचौकी में एसडीएम कार्यालय खोला जाना न्यायसंगत है।
दो एसडीएम कार्यालय जरूरी : ललित
ललित ठाकुर का कहना है कि यदि संधोल में 2 दिन तक एसडीएम कार्यालय हो सकता है तो गोहर और बालीचौकी में 15-15 दिन तक एसडीएम कार्यालय क्यों नहीं हो सकता है। नौ फरवरी को सरकार ने संधोल में 2 दिन तक एसडीएम बिठाने की अधिसूचना जारी की है। भौगोलिक परिस्थिति के कारण सराज हलके में दो कार्यालय होने चाहिए।