मंडी जिले में सात परीक्षा केंद्रों में हुई एनडीए और सीडीएस की परीक्षा
अभ्यर्थियों ने बताया पेपर आसान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित एनडीए-1, एनए और सीडीएस-1 की लिखित परीक्षा रविवार को मंडी जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की गई। जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 7 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 5 केंद्र एनडीए और 2 केंद्र सीडीएस के लिए निर्धारित थे।
इस परीक्षा के लिए कुल 1587 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से एनडीए परीक्षा में 1022 में से 775 अभ्यर्थी और सीडीएस परीक्षा में 565 में से 351 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों ने संतोष व्यक्त किया और आयोजन को सुचारु बताया। अधिकतर उम्मीदवारों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया। कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया को संतोषजनक बताया।
करसोग के हिमांशु ने कहा, मेरी परीक्षा अच्छी हुई। प्रश्नपत्र आसान था और मैंने सभी प्रश्न हल कर दिए। मैं पिछले कई दिनों से तैयारी कर रहा था। मेरा सपना सेना में जाने का है।
चरखड़ी की संध्या ने बताया, प्रश्नपत्र बहुत आसान था और परीक्षा केंद्र पर बैठने की व्यवस्था भी अच्छी थी। किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
बग्गी के जतिन शर्मा ने कहा, मेरी परीक्षा अच्छी रही। पेपर आसान था, हालांकि मैं पूरे प्रश्न हल नहीं कर पाया। अगर तैयारी और बेहतर होती तो प्रदर्शन और अच्छा होता।
सुंदरनगर के नीतीश ने बताया कि परीक्षा केंद्र की व्यवस्था बहुत अच्छी थी और उन्होंने सभी प्रश्न हल कर दिए।