धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र के दरवाड़ पंचायत से अंग्रेजी शराब की 76 पेटियां बरामद हुई हैं। आबकारी एवं काराधान विभाग ने मौके पर जाकर यह शराब कब्जे में लेकर मामला पुलिस को सौंप दिया है।
पंचायत मुख्यालय से 500 मीटर दूरी पर ढांक के नीचे शराब की पेटियां होने की गुप्त सूचना मिली। इसी आधार पर आबकारी एवं कराधान अधिकारियों ने टीम के साथ शराब को बरामद किया। आबकारी एवं कराधान विभाग के सहायक आयुक्त राज्य कर अधिकारी रविंद्र चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कंचना माता के मंदिर के नीचे गहरी ढांक की तलहटी में किसी अंजान व्यक्ति ने अवैध शराब का जखीरा जमा किया है। इस पर वह टीम के साथ वहां गए।
वहां तक आसानी से नहीं जाया जा सकता था। ढांक की तलहटी के पास पहुंचने के लिए सीढ़ी का सहारा लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह अपने सहयोगियों के साथ सीढ़ियों से रस्सी के सहारे उस स्थान पर पहुंचे और 76 शराब की पेटियां देखकर हैैरान रह गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने पुलिस की भी सहायता ली है। सभी 76 पेटियों को जब्त कर लिया है। डीएसपी तिलक राज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शराब मार्का और पेटियों की संख्या
इस दौरान सौल मेट वाइन की 5 पेटियां, वुडन मेन की 26, ब्लेंडर प्राइड 2, ऑल सीजन 4, इंपीरियल ब्लू 17, रॉयल स्टैग 4, मेक डॉल 15, गोल्फर शॉट 3 पेटियां बरामद की हैं।