जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मटरू में जनमंच कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। इसकी अध्यक्षता वन एवं परिवहन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने की। मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा तथा विधायक प्रकाश राणा भी इस अवसर पर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि दूरदराज क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के उद्देश्य से जन मंच के आयोजन का निर्णय प्रदेश सरकार ने लिया है।
जनमंच का आयोजन विधानसभा वार क्रम से जिले की दूरदराज पंचायतों में प्रति माह के प्रथम रविवार को किया जाएगा। जन मंच में 24 विभागों से संबंधित 485 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से अधिकांश का मौके पर निपटारा किया गया। अन्य के संबंध में इनके समयबद्ध समाधान के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न सेवाओं के तहत 132 प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिनमें हिमाचली प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आय और चरित्र प्रमाण पत्र इत्यादि सम्मिलित हैं। पात्र लाभार्थियों को राशि भी यहां वितरित की गई और राजस्व संबंधी शपथ पत्र तथा 27 इंतकाल के मामले मौके पर ही निपटाए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत चार लाभार्थियों को रसोई गैस किट भी वितरित की। कहा कि जन मंच के प्रथम चरण में 111 जन शिकायतें ऑनलाइन प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 95 का समाधान कर दिया गया है और शेष 16 संबंधित विभागों को प्रेषित की गई हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह, महामंत्री पंकज जमवाल, जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य, पंचायत प्रधान व अन्य प्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक गुरदेव चंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।