धर्मपुर/बालीचौकी (मंडी)। जिले में दो अलग-अलग हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि, तीन महिलाएं और एक व्यक्ति घायल हो गए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रारंभिक सूचना पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उपमंडल धर्मपुर के संधोल तहसील के दतवाड़ गांव में निर्माणाधीन गोशाला की दीवार गिरने से दीवान चंद (58) इसकी चपेट में आ गया। दीवान चंद दत्तवाड़ में निर्माणाधीन गोशाला में कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह दीवार गिरने से मलबे की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत संधोल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, यहां पर व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का सरकाघाट अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी सरकाघाट ने मामले पुष्टि की है। उधर, बालीचौकी क्षेत्र के थाटा में एक कार सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। बताया जा रहा है कि यह कार सड़क से चार पलटे खाते हुई एक खेत में जाकर रुक गई। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे में चालक समेत तीन महिलाएं भी घायल हो गई हैं। जिन्हें उपचार के लिए बालीचौकी अस्पताल लाया गया है। उपचार के बाद सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।