मंडी। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को जिले के सभी अदालतों में किया गया। इसमें 6977 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश तोमर की अध्यक्षता में लोक अदालत का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विवेक कायस्थ ने बताया कि जिला मंडी के करसोग, गोहर, जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर, सरकाघाट उपमंडलों तथा मंडी मुख्यालय में लोक अदालत के लिए 17 बैंचों का गठन किया गया था। इस लोक अदालत से पहले फरवरी और मार्च में प्री लोक अदालत की सीटिंग्स भी करवाई गई थी।
इन मौकों पर कुल 20814 मामलों को सुनवाई के लिए प्री लोक अदालत सीटिंग्स एवं लोक अदालत की विभिन्न बैंचों के समक्ष रखा गया। इनमें 18793 मामले मोटर व्हीकल चालान से संबंधित थे। इनमें से 6977 मामलों का निपटारा इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कर दिया गया है। संवाद