सुंदरनगर (मंडी)। शहर के ठेकेदार के बैंक खाते से शातिरों ने 55 हजार रुपये निकाल लिए हैं। जब मामला संज्ञान में आया तो इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को सुंदरनगर के बीएसएल थाना में दर्ज कराई गई है। धोखाधड़ी के शिकार धनोटू निवासी आरपी धीमान ने बताया कि उन्होंने अपने बचत खाते से कोई निकासी नहीं की है।
कहा कि उनका बैंक में जो बचत खाता है उससे उन्होंने पिछले कई माह से कोई लेनदेन नहीं किया है। जब उन्होंने कुछ राशि निकालनी चाही तो उनके बचत खाते में पिछले दो माह में करीब 55 हजार रुपये की निकासी ऑनलाइन खरीदारी में हुई है। इसके बाद उन्होंने बैंक को इस बारे में शिकायत की है। बीएसएल थाना में भी अपने साथ हुई धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज करा दी है। पुलिस जांच कर रही है। सुंदरनगर स्थित बीएसएल परियोजना में पिछले ही दिनों में एक महिला कर्मचारी के खाते से भी हरियाणा में 50 हजार रुपये की निकासी हुई है। इसकी रिपोर्ट भी थाना में दर्ज कराई गई है।
इसके अलावा भी कई अन्य लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं। डीएसपी गुरुबचन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे जागरूक रहें और अपने खाते संबंधी कोई भी जानकारी किसी को भी न दें।
000