मंडी। कोरोना के ओमिक्रान वैरिएंट के खतरे के बीच मंडी में संक्रमण फिर से पांव पसारने लगा है। सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के 43 विद्यार्थियों और एक शिक्षक समेत 54 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पिछले चार माह में यह आंकड़ा सर्वाधिक है।
जेएनवी में पहले भी 35 विद्यार्थी संक्रमित पाए जा चुके हैं। सभी विद्यार्थियों को आइसोलेट कर दिया गया है। बताया गया है कि सीबीएसई की टर्म वन की परीक्षाओं के दौरान यहां बाहर से विद्यार्थी पहुंचे, जिस कारण कोरोना स्कूल में फैला है।
रविवार और सोमवार को रैट के तहत करीब 724 सैंपल में 52 संक्रमित पाए गए हैं। 43 आरटीपीसीआर में दो संक्रमित पाए गए हैं। कुल 767 सैंपल में 54 संक्रमित निकले हैं। जेएनवी में अब तक 79 विद्यार्थी पॉजिटिव आ चुके हैं। स्कूल को अब मिनी कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
सीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि है। उन्होंने बताया कि स्कूल में 325 सैंपल लिए गए थे, जिनमें 44 विद्यार्थी संक्रमित पाए गए हैं। अन्य में कनैड़ से चार, सरकाघाट से एक, बल्ह से एक, घुमारवीं से एक, नेरचौक मेडिकल कॉलेज की कर्मी और एक जेल रोड मंडी से है।