धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल के सिद्धपुर में जनमंच के दौरान अफसरशाही की खूब फजीहत हुई। आईपीएच मंत्री के गृहक्षेत्र में जनमंच की अध्यक्षता करने पहुंचे उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह के सामने अफसरों ने कुछ आंकड़े रखे, लेकिन जब उद्योग मंत्री ने पूर्व जनमंच के आंकड़ों को हाथ में पकड़ा तो भिन्नता नजर आई। इसके बाद अफसरशाही को जमकर लताड़ लगाई। चेताया कि जनमंच को हल्के में न लें। अगर ऐसी कोताही दोबारा हुई तो कार्रवाई को तैयार रहें।
उद्योग मंत्री ने विभागों के अधिकारियों को एक-एक करके बुलाया और उनसे पूछा कि पूर्व जनमंच के दौरान आपने कितनी जगह सफाई अभियान चलाया है। लेकिन जवाब नहीं मिला। उसके बाद सभी विभागों के अधिकारियों से इसी तरह सवाल जवाब हुए। इस पर मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जो आंकड़े उन्होंने दिए हैं, उन्हें पूरा करें और सही जानकारी के साथ जनमंच में पहुंचे।
.....................
ये उठी समस्याएं
केस 01: भरौरी पंचायत के कोटगांव निवासी गोपाल पुत्र सोहन सिंह ने कहा कि उनका रसोई घर गैस सिलिंडर में आग लगने के कारण जल गया था। करीब 60 हजार का नुकसान हुआ था, लेकिन उन्हें अभी तक इंश्योरेंस कंपनी की ओर से कोई भी सहायता नहीं मिली है।
केस 02: प्रोन गांव की विद्या सहित अन्य ने कहा कि ल्हासा गिरने से उन्हें खतरा पैदा हो गया है। मंत्री ने तुरंत लोनिवि को आदेश दिए कि वह डंगे का प्राक्कलन बनाकर भेजें और वहां डंगा लगाया जाए ताकि गांव को जो खतरा है उससे बचा जा सके।
केस 03: सतरेहड़ गांव की शकुंतला देवी के घर को जाने वाले रास्ते को रोकने का मामला उठा। धलारा पंचायत के बल्ह गांव के परस राम ने बरसात में गिरी गोशाला का मुआवजा देने की मांग की।
0000