सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत पलाहोटा के निखिल चौहान का अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूली कबड्डी टीम के लिए चयन हुआ है। निखिल वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्यांजी में दसवीं कक्षा का छात्र है। उसका चयन साई हॉस्टल बिलासपुर के लिए आठवीं कक्षा में ही हो गया था। यहां निखिल ने तीन वर्ष तक अनुभवी शिक्षकों से कबड्डी का प्रशिक्षण लिया। इससे पहले सीनियर वर्ग में तीन बार प्रदेश स्तर पर बिलासपुर तथा दो बार ऊना व एक बार सब जूनियर राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2015 तेलंगाना में अपने खेल का लोहा मनवा चुका है। निखिल गरीब परिवार से संबंध रखता है। पिता जगत राम मिस्त्री का कार्य करते हैं और माता गृहिणी है। उसके राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर माता-पिता, कोच, विद्यालय के प्रधानाचार्य व शारीरिक व अन्य अध्यापक ने खुशी व्यक्त करते हुए निखिल को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।ब्यूरो