घरों की छतों पर लगे सोलर प्लांट से हो रहा बिजली उत्पादन, मिल रही बड़ी राहत
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से उपभोक्ताओं को बिल में राहत
देवेंद्र गुप्ता
सुंदरनगर (मंडी)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सुंदरनगर विद्युत मंडल क्षेत्र में अब तक करीब 500 घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। तीन किलोवाट क्षमता वाले इन प्लांटों से कुल 1.5 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित हुई है। इससे जहां उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिल रही है, वहीं अतिरिक्त बिजली स्थानीय ग्रिड में पहुंचने से विद्युत व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
योजना के तहत घरों की छतों पर ऑन-ग्रिड सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। इनसे उत्पादित बिजली का उपयोग सबसे पहले घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाता है। नेट मीटरिंग के माध्यम से बिजली के उत्पादन और खपत का हिसाब रखा जाता है। यदि किसी महीने बिजली का उत्पादन खपत से अधिक रहता है तो अतिरिक्त बिजली ग्रिड में चली जाती है। उत्पादन और खपत के अंतर के आधार पर उपभोक्ता का बिजली बिल शून्य तक हो सकता है। हालांकि, वास्तविक बिल बिजली की खपत, उत्पादन और लागू दरों पर निर्भर करता है। वर्ष के अंत में बची हुई बिजली के भुगतान का प्रावधान भी संबंधित नियमों के अनुसार होता है।
तीन किलोवाट के सोलर प्लांट पर 85,800 रुपये की सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित करने पर पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से 85,800 रुपये की सब्सिडी दी जाती है। सुंदरनगर विद्युत मंडल के अनुसार, तीन किलोवाट क्षमता का प्लांट स्थापित करने पर करीब 1.90 लाख रुपये खर्च आता है। योजना के तहत पंजीकरण करवाने के बाद उपभोक्ता निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकृत विक्रेता का चयन कर सकते हैं। प्लांट स्थापित करवाने के लिए अपनी बचत या बैंक ऋण के माध्यम से भुगतान करने का विकल्प भी उपलब्ध है।
बॉक्स
सोलर प्लांट लगवाने के लिए विद्युत मंडल से करें संपर्क
अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक उपभोक्ता योजना की पात्रता, पंजीकरण और स्थापना संबंधी जानकारी के लिए सुंदरनगर विद्युत मंडल या संबंधित विद्युत उपमंडल से संपर्क कर सकते हैं। -मोहित टंडन, वरिष्ठ अधिशासी अभियंता, सुंदरनगर विद्युत मंडल