मंडी। बलद्वाड़ा क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता धनी राम पुत्र गंगा राम निवासी पन्याली ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसका बेटा मुरारी लाल बलद्वाड़ा में समैल खान की दुकान में बतौर वेल्डर का कार्य करता था। गत 17 जुलाई को रात 08:30 बजे के करीब समैल खान ने सूचना दी कि उसका लड़का मुरारी लाल अपना थ्री व्हीलर खड़ा करके कहीं चला गया। जिस पर उसने अपने बेटे को पड़ोसियों और संबंधियों की मदद से तलाश किया तो मुरारी लाल अचेत अवस्था में जमनौण मंदिर के पास मिला। जिसे यह बिलासपुर अस्पताल ले गये। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आशंका जताई कि उनके बेटे मुरारी लाल ने समैल खान और उसकी पत्नी तथा बेटी के तंग करने की वजह से कोई जहरीला पदार्थ खाया था। हटली चौकी प्रभारी ललित कुमार मामले की छानबीन कर रहे हैं।