एक पद के लिए 100 से अधिक दावेदारों से बढ़ी प्रतिस्पर्धा
पहले दिन शारीरिक दक्षता परीक्षा में 214 अभ्यर्थी उत्तीर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। चैलचौक स्थित जासन के छठी वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र में चल रही महिला होमगार्ड भर्ती में बेरोजगारी की तस्वीर साफ नजर आ रही है। महज 26 पदों के लिए 2,689 आवेदन प्राप्त हुए हैं। महिला होमगार्ड भर्ती को लेकर इस बार अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पहले जहां इस भर्ती में महिलाओं की रुचि अपेक्षाकृत कम रहती थी, वहीं अब बीए और एमए जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाली युवतियां भी चयन के लिए मैदान में उतरी हैं। एक पद के लिए 100 से अधिक दावेदार होने से प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी हो गई है।
भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन 600 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभाग की ओर से 900 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। भर्ती के दौरान लंबाई माप, दौड़, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाएं कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई गईं।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भर्ती स्थल पर सुरक्षा बल, चिकित्सा दल, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पहले दिन शामिल 600 अभ्यर्थियों में से 214 ने शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि 386 अभ्यर्थी बाहर हो गईं।
बॉक्स
पारदर्शिता के साथ कराई जा रही भर्ती प्रक्रिया
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष कुशल चंद ने बताया कि पूरी प्रक्रिया वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है। शारीरिक दक्षता परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है, ताकि चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।