बरोट (मंडी)। चौहारघाटी और छोटा भंगाल क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से घाटी के कई गांवाें में विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे लोग दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। भूस्खलन और बारिश से मुल्थान के छोटा भंगाल में 13 ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। इससे 25 गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित है।
शनिवार को मौसम साफ होने पर विद्युत बोर्ड के कर्मचारी लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। सायं तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। विद्युत बोर्ड बरोट के सहायक अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि छोटा भंगाल के 13 ट्रांसफार्मर बाधित होने से 25 गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। रविवार को छोटा भंगाल के लोहारड़ी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। बारिश के तीसरे दिन भी बरोट-मुल्थान क्षेत्र की छह सड़कें बाधित रहीं।
मुल्थान पंचायत के प्रधान दुर्गेश, उपप्रधान तीलक, उपप्रधान पोलिंग छांगा राम, रमेश, रूप चंद आदि ने बताया कि बरोट-मुल्थान, लोहारडी, बरोट-मियोट, मुल्थान- कोठीकोढ, बोचिंग-रोलिंग सडक, थलटूखोड़-मढ सड़क, थलटूखोड़-गरामन सडक, बड़ा गांव-राजगुंधा-बीड़ सड़कें कई स्थानों पर मलबा गिरने से बाधित हुई हैं।
शनिवार को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों और मशीनरी से बरोट-घटासनी मुख्य सड़क को बहाल कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग मुल्थान के कनिष्ठ अभियंता अनिश ठाकुर, झटिंगरी के कनिष्ठ अभियंता देश राज ने बताया कि जगह-जगह जेसीबी मशीनें और मजदूर लगाकर बंद पड़ी सड़कों को बहाल किया जा रहा है। रविवार को सभी सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा। इधर बारिश होने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट के भवन में पानी भर गया था। इससे अस्पताल प्रबंधन और मरीजों को परेशानी हुई। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अंकुश ने बताया कि अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से पानी को बाहर निकाला गया। शनिवार दोपहर तक अस्पताल को साफ कर ओपीडी चालू कर दी।
000