मंडी। छोटी काशी मंडी में महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत देवधुन वाद्ययंत्र प्रतियोगिता आरंभ हो गई। प्रतियोगिता के लिए 79 देवताओं के बजंतरियों ने पंजीकरण करवाया है।
10 देवताओं के देवलुओं ने देवलू नाटी प्रतियोगिता के लिए अपना नाम दर्ज करवाया है। प्रथम दिन वाद्ययंत्र प्रतियोगिता में 23 प्रतिभागियों ने मंच पर प्रस्तुति दी। इससे पारंपरिक नगाड़ों, करनाल, रणसिंघाें और अन्य वाद्ययंत्रों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बन गया। देवधुन की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने बताया कि आगामी दिनों में देवलू नाटी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रकार के आयोजन देव परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संवाद