आईटीआई मंडी में दो चली प्रक्रिया, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड से भी पहुंचे उम्मीदवार
कंपनी एक सप्ताह बाद जारी करेगी इंटरव्यू में चयनित अभ्यर्थियों की सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। आईटीआई मंडी में हुए कैंपस इंटरव्यू में रोजगार पाने के लिए हिमाचल के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी उम्मीदवार पहुंचे और साक्षात्कार में भाग लिया। आईटीआई मंडी में दो दिन चली प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार यहीं रहे और सभी औपचारिकताओं को पूरा किया। इंटरव्यू में चयनित अभ्यर्थियों की सूची कंपनी प्रबंधन करीब एक सप्ताह के अंदर जारी करेगा।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड कंपनी ने गुड़गांव/मानेसर के लिए अस्थायी वर्कमैन के लिए कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया। इसमें 216 उम्मीदवारों ने भाग लिया और साक्षात्कार दिया। संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर रविंद्र सिंह बन्याल ने बताया कि बुधवार को असेसमेंट हुई और वीरवार को साक्षात्कार हुआ।
साक्षात्कार प्रक्रिया में फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनीस्ट, मशीनिस्ट ग्राइंडर, वेल्डर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, ट्रैक्टर मैकेनिक, पेंटर जनरल, टूल एंड डाई मेकर समेत अन्य ट्रेड के उम्मीदवारों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कंपनी 33,400 रुपये प्रति माह देगी। इसके अलावा यूनिफार्म, रियायती दर पर खाना और कंपनी के नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।