जोगिंद्रनगर (मंडी)। जन एकता जन अधिकार आंदोलन की जोगिंद्रनगर इकाई ने वीरवार को क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली, सड़क और परिवहन आदि की बदहाली को लेकर प्रदर्शन किया। सेवाओं की तुरंत बहाली को लेकर कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया और एसडीएम के माध्यम से सीएम जयराम ठाकुर को ज्ञापन भी भेजा।
इस प्रदर्शन में हिमाचल किसान सभा, सीटू, जनवादी महिला समिति और दलित शोषण मुक्ति मंच के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर हिमाचल किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष कुशाल भारद्वाज, वरिष्ठ नेता और बीडीसी सदस्य किशोरी लाल, ब्लॉक कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र कुमार, रेखा देवी, महेंद्र सिंह, सुदर्शन कुमार आदि ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से नई भर्तियां नहीं हुई हैं, जिसके चलते विभिन्न सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसका अत्यधिक असर जोगिंद्रनगर में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर में कई माह से डाक्टरों के 6 पद खाली पड़े हैं। वहीं यहां के स्कूलों में अध्यापकों के अनेक पद खाली पड़े हैं। इसके चलते मरीज और छात्र प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से शीघ्र क्षेत्र के विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग की है।
000