सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के तहत गत तीन दिनों से लगातार बारिश से सड़कें क्षतिग्रस्त होने से लोनिवि को तीन करोड़ की चपत लग गई है। क्षेत्र में कई संपर्क सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। विभाग यहां पर यातायात बहाल करने में जुटा है। लेकिन, लगातार हो रही बारिश ने विभाग और ग्रामीणों की दिक्कतों को बढ़ा दिया है। उपमंडल के तहत गैहरा-पटड़ीघाट सड़क पर जाजर के समीप ल्हासा गिरने से सड़क बाधित हो गई है। इससे नौ गांवों के लोगों को यातायात दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया है। जिससे सड़क को बहाल होने में कई दिनों का वक्त लग सकता है। इससे इस क्षेत्र के लोगों की यातायात दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
ल्हासे गिरने से गैहरा, बताही, जाजर, जनीह, काश, शैलग, ज्वाली, मझेड़ और गाहर समेत कई गांव सड़क सुविधा से कट गए हैं। करीब छह हजार की आबादी को यातायात परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्राम पंचायत गैहरा के प्रधान विकास वर्मा, उपप्रधान अमी चंद, आदर्श युवक मंडल शैलग के अध्यक्ष संदीप जस्वाल ने लोकनिर्माण विभाग से सड़क को शीघ्र खोलने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग मंडल के अधिशाषी अभियंता महेश राणा ने बताया कि गत चार दिनों से हो रही भारी बारिश से पूरे मंडल को करीब तीन करोड़ का नुकसान हुआ है। बंद सड़कों को शीघ्र बहाल करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।