सरकाघाट (मंडी)। जिले में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को शाम छह बजे के करीब जाहू-मंडी सुपर हाईवे पर मस्याणी मोड़ के समीप पहाड़ी दरकने से यातायात बाधित हो गया। यहां पर भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया है। जिससे इसे बहाल होने में काफी समय लग सकता है। विभागीय कर्मी सड़क को बहाल करने में जुट गए हैं। मंगलवार सुबह तक सड़क के बहाल होने की उम्मीद लगाई जा रही है। हालांकि, वैकल्पिक पटड़ीघाट-ढलवान मार्ग से यातायात की सुविधा मिलने से यहां पर वाहन चालकों की दिक्कतें कम होंगी। लेकिन, इसके लिए पांच किमी का अतिरिक्त करना पड़ेगा।
छह बजे के करीब पहाड़ी दरकने के बाद भी यहां पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भारी मात्रा में मलबे को सड़क पर देखकर वाहन चालक यहां से लौटना शुरू हो गए। लेकिन, वैकल्पिक मार्ग पटड़ीघाट-ढलवान भी कच्चा और खस्ताहाल है। जिससे यहां पर भी वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। विभाग के कनिष्ठ अभियंता नीलम शर्मा ने कहा कि सड़क को बहाल करने में कर्मचारी जुटे हैं। काफी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया है। सड़क को बहाल करने में समय लग सकता है। विभाग के अधिशासी अभियंता महेश राणा ने सड़क पर गिरी चट्टानों को शीघ्र हटाने के आदेश दिए हैं।