पधर (मंडी)। स्थानीय बाजार में बुधवार रात बिजली की वोल्टेज अचानक बढ़ जाने से व्यापारियों का भारी नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान वी थ्री इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को हुआ है।
यहां तीन एलईडी, आठ स्पीकर, बल्ब, फैंसी लाइटें आदि सब जल गई हैं। दुकान मालिक ने बताया कि करीब एक लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। व्यापारियों दिनेश कुमार, मनोहर लाल, चंदर और संतोष कुमार का भी काफी नुकसान हुआ है। राम सिंह व्यापारी का भी नुकसान हुआ है। हाई वोल्टेज से हुए नुकसान को लेकर स्थानीय व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पधर डॉ. विशाल शर्मा से मिला। एसडीएम ने कहा कि यह मामला बिजली बोर्ड का है, इसमें हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता। व्यापारियों ने इसे विद्युत बोर्ड की लापरवाही करार दिया। कहा कि बिजली बोर्ड नुकसान की भरपाई करे। भरपाई नहीं की तो व्यापारी वर्ग उपभोक्ता फोरम में मामला दर्ज करवाएगा। एसडीओ पधर मोहित टंडन ने कहा कि किन कारणों से लोगों के घरों और व्यापारियों के उपकरण चले हैं, इसकी जांच की जा रही है। जांच की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।