मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को पड्डल मैदान मंडी में स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मुख्यातिथि एडीसी आशुतोष गर्ग ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एडीपीओ राजेंद्र गुलेरिया ने मुख्यातिथि को शॉल एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर 13 माध्यमिक पाठशालाओं के बच्चों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधा। इसमें नृत्य प्रस्तुतियों में एसवीएम और ग्रुप सांग में एंगलो ने बाजी मारी। दिनभर पड्डल में विभिन्न स्कूलों ने देशभक्ति पर प्रस्तुति दी। बच्चों ने दिल दिया है जान भी देंगे, ऐ मेरे वतन के लोगों आदि देशभक्ति के गीतों से माहौल भक्तिमय किया। बुधवार और वीरवार को पुलवामा हमले में शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरूप सांस्कृतिक संध्याएं नहीं होगी। इन संध्याओं में खर्च की जाने वाली राशि को शहीद परिवारों के परिजनों को दिया जाएगा।
....
ये स्कूल बने हिस्सा
माध्यमिक पाठशाला पड्डल, अरुणादय सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल, अल्पाइन पब्लिक स्कूल, स्वामी विवेकानंद स्कूल राम नगर, गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, मंडी पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बाजार, विपाशा पब्लिक स्कूल, उजाला पब्लिक स्कूल, एंगलो संस्कृत मॉडल स्कूल और मॉडल हाई स्कूल पैलेस ने भाग लिया।
....
यह रहा रिजल्ट
नृत्य में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल प्रथम, स्वामी विवेकानंद और एंगलो संस्कृत मॉडल स्कूल द्वितीय और अल्पाइन स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। ग्रुप सांग में 8 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। इसमें मिडल स्कूल पड्डल, अल्पाइन स्कूल, स्वामी विवेकानंद, विपाशा पब्लिक स्कूल, मंडी पब्लिक स्कूल, एंगलो संस्कृत स्कूल और एनसी मॉडल हाई स्कूल ने भाग लिया। इसमें प्रथम एंगलो स्कूल नेला, द्वितीय सनातन धर्म विद्या मंदिर और तीसरे स्थान पर स्वामी विवेकानंद स्कूल रहा। यह जानकारी स्टेज समन्वयक लतेश ने दी। इस अवसर पर निर्णायक मंडल की भूमिका अध्यापक मीरा ठाकुर, मंजू भारद्वाज, कृष्णा ठाकुर और शालिनी कश्यप ने बखूबी निभाई।
000