मंडी। सरकारी डिपुओं के राशन की घटिया सप्लाई देने और अन्य अनियमितता पर जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंडी ने शिकंजा कस दिया है। 14 व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए 40 हजार की सिक्योरिटी जब्त की है। इन व्यापारिक प्रतिष्ठानों में चार आटा मिलें शामिल हैं। जबकि चार नागरिक आपूर्ति निगम के थोक केंद्रों, एक किराना व्यापारी और पांच उचित मूल्य की दुकानें शामिल हैं। डीएफएससी मिलाप चंद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने सभी मिल मालिकों को निर्देश दिए कि वे समय पर गंदम आटे की आपूर्ति थोक गोदामों को सुनिश्चित करें। थोक गोदाम प्रभारियों को भी निर्देश दिए कि जब भी गंदम आटे की गाड़ी मिल से उनके पास आती है तो उसे तुरंत अपने गोदाम में खाली करें ताकि समय रहते आटे की आपूर्ति की जा सके।
क्यों हुई कार्रवाई
चार मिल मालिकों की ओर से समय पर गंदम आटा सप्लाई नहीं किए जाने पर कार्रवाई हुई है। जबकि निगम के थोक गोदाम प्रभारी की ओर से कम गुणवत्ता वाली दालें बेचे जाने के कारण उनकी प्रतिभूति राशि जब्त की गई है। पांच उचित मूल्य दुकानधारकों की ओर से बिना कारण व बिना सूचना के उचित मूल्य की दुकानें बंद रखने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई है।
यह जारी हुए निर्देश
थोक गोदाम प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे सप्लायर से दालों एवं अन्य वस्तुओं की खेप प्राप्त करते वक्त चौकस रहें तथा अच्छी गुणवत्ता का सामान प्राप्त करें ताकि उपभोक्ताओं को अच्छी किस्म की वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने उचित मूल्य के दुकानधारकों को भी निर्देश दिए कि वे प्रति दिन उचित मूल्य की दुकानों को खुला रखें ताकि उपभोक्ताओं को खाद्यान्न प्राप्त करने में असुविधा न हो और यदि किसी कारणवश उन्हें उचित मूल्य की दुकान बंद रखनी भी पड़ती है तो इसकी सूचना विभाग के निरीक्षक को दें तथा उचित मूल्य की दुकानों के सूचना पट्ट पर भी दुकान बंद रखने संबंधी सूचना प्रदर्शित करें ताकि उपभोक्ता उचित मूल्य में अनावश्यक रूप से विक्रेता का इंतजार न करता रहे।