धर्मपुर (मंडी)। जहां एक तरफ सीएम की कुर्सी को लेकर भाजपा में प्रो. प्रेम कुमार धूमल की हार के बाद लगातार मंथन चला हुआ है वहीं, मंडी जिले से भाजपा नेता जयराम ठाकुर के बाद अब धर्मपुर से नेता महेंद्र सिंह के नाम की भी लोग पैरवी करने लगे हैं। तर्क, उनका राजनीतिक सफर दिया जा रहा है। वह प्रदेश के ऐसे अकेले विधायक हैं, जो पांच बार अलग-अलग पार्टी चिन्हों पर भी जीते हैं। भाजपा टिकट पर उन्होंने हैट्रिक मारी है।
जब वर्ष 1998 में भाजपा हिविकां की गठबंधन की सरकार बनी थी तो उस समय प्रदेश भाजपा के प्रभारी नरेंद्र मोदी थे और उनके नेतृत्व में ही सरकार बनी थी। उस सरकार को बनाने में ठाकुर महेंद्र सिंह ने अहम भूमिका निभाई थी और रमेश धवाला को कांग्रेस के चंगुल से छुड़ाकर भाजपा में लाया था तथा भाजपा-हिविकां सरकार बनाई थी। जिसके बाद महेंद्र सिंह को नरेंद्र मोदी काफी नजदीक से जानते हैं। इस बार के चुनावों की बात करें तो महेंद्र सिंह भाजपा के ऐसे नेता हैं जिनके विस क्षेत्र में कोई भी स्टार प्रचारक तक नहीं आया। महेंद्र सिंह ने अपने दम पर 11964 वोटों की लीड लेकर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। विधायक महेंद्र सिंह ने कहा कि वह जब से भाजपा में है, तब से एक सच्चे सिपाही के रूप में कार्य कर रहे हैं और जो पार्टी उन्हें जिम्मेवारी सौंपेगी वह उसको बखूबी निभाएंगे।