पधर (मंडी)। टिक्कन पुलिस चौकी के जवानों ने नाके के दौरान बाइक सवार की तलाशी लेने पर 161 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने घटासणी बरोट मार्ग पर फियुनगलू के पास सोमवार रात को नाका लगा रखा था।
पुलिस ने मुख्य आरक्षी अशोक कुमार की अगुवाई में मार्ग पर नाका लगा रखा था। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो से तीन गाड़ियों के चेक किया। इस बीच टिक्कन की ओर से आ रही बाइक को चेकिंग के लिए रोका गया। बाइक सवार ने नाके से 20 फीट पीछे बाइक रोक दी। पुलिस को देख वह घबरा गया। उसने नाके को तोड़ने का प्रयास किया जिसमें कामयाबी नहीं मिल सकी। बाइक चालक ने अपनी जेब में हाथ डाला और एक लिफाफा पैरापिट से नीचे फेंक दिया। पुलिस ने तलाश करने पर बाइक चालक की ओर से फेंका गया लिफाफा बरामद हो गया। तलाशी लेने पर उसमें चरस पाई गई। आरोपी की पहचान अशोक कुमार निवासी गांव त्रैम्बला डाकघर लौंगणी तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है। आरोपी को मंडी कोर्ट से दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है। संवाद