संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड कंस्ट्रक्शन स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (सीएसटीआई), कांचीपुरम (तमिलनाडु) की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर अजय कुमार ने बताया कि इस कैंपस साक्षात्कार में फिटर, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, वेल्डर, ड्राफ्ट्समैन सिविल, सर्वेयर एवं वुड वर्क टेक्नीशियन ट्रेड के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इस कैंपस साक्षात्कार में कुल 190 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें आईटीआई मंडी ग्रेड-ए के 178 तथा अन्य आईटीआई के 12 अभ्यर्थी शामिल थे। इंटरव्यू के उपरांत 154 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में फिटर ट्रेड से 56, इलेक्ट्रीशियन से 28, प्लंबर से 32, वेल्डर से 22, ड्राफ्ट्समैन सिविल से 2, सर्वेयर से 11 तथा वुड वर्क टेक्नीशियन से 3 अभ्यर्थी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिमाह 19,000 रुपये वेतन तथा निशुल्क आवास सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रारंभिक रूप से चयनित अभ्यर्थियों के लिए दो माह का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। एक वर्ष पूर्ण होने तथा कंपनी द्वारा आयोजित इंटरव्यू में सफल होने के पश्चात चयनित अभ्यर्थियों को निशुल्क आवास एवं भोजन सुविधा के साथ 21,000 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा।
कैंपस इंटरव्यू के दौरान आईटीआई मंडी की ओर से महेंद्र पाल (अनुदेशक फिटर), गोपाल सिंह (अनुदेशक इलेक्ट्रीशियन) एवं लेखराज (कार्यशाला परिचर) उपस्थित रहे।