मंडी। महंगाई के खिलाफ हल्ला बोलते हुए युवा कांग्रेस ने मंडी में महंगाई की बारात नाम से रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की। मोदी सरकार के कार्यकाल को विफल करार देेते विधानसभा स्तर पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन का एलान किया। वक्ताओं ने कहा कि 100 दिन में महंगाई पर लगाम लगाने का प्रधानमंत्री नरेंद मोदी का वायदा सफेद झूठ निकला है। चुनावों में वोट लेने के लिए यह वायदा जनता के साथ किया गया था। लेकिन चार साल बीतने के बाद भी महंगाई बेलगाम है।
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर की अगुवाई में मंडी शहर में गांधी भवन से चौहटा, सेरी मंच होकर रैली निकाली। धरने में मौजूद युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई चरम पर है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें 100 रुपये तक पहुंचने वाली हैं तथा सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। लेकिन देश के प्रधानमंत्री बिलकुल चुप बैठे हैं। मोदी ने सत्ता हासिल करने से पूर्व देश की जनता से 100 दिन के अंदर महंगाई पर लगाम लगाने का वायदा किया था। लगभग 4 वर्ष होने वाले हैं, लेकिन लगाम लगना तो दूर महंगाई बेलगाम हो रही है। सरकार के द्वारा इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। जनता खुद को ठगा सा महसूस कर रही है और जवाब आगामी लोकसभा चुनाव में मिल जाएगा। चेताया कि अगर सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश युकां उपाध्यक्ष शेखर सेठी, मंडी लोकसभा के अध्यक्ष आदित्य विक्रम, मंडी लोकसभा उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, प्रदेश महासचिव अजय मोदगिल, सचिव गोविंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता विजय चौहान, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हितेन जमवाल, ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिली, अखिल गुप्ता, गुरुचरण परमार, मोहित ठाकुर, रूप लाल, राकेश कुमार, प्रेम सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक ठाकुर, चंपा ठाकुर, पवन ठाकुर लाल सिंह, लोकसभा महासचिव प्रवीण, अर्जुन ठाकुर, जसबीर सिंह मौजूद रहे।