मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के तीसरे दिन स्कूली सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रस्तुतियां दी। एक ओर जहां पडोह क्षेत्र के निजी स्कूल ने बेटी बचाओ के संदेश को समेटे ओ री चिरईया नन्ही से गुड़िया अंगना में फिर आना से बच्चों ने जहां बेटी बचाओं का संदेश दिया वहीं, सहयोग स्पेशल स्कूल के बच्चों ने देश रंगीला गाने पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी।
मेले के तीसरे दिन नन्हें बच्चों की 25 मीटर उल्टी दौड़ और 25 मीटर खरगोश दौड़ करवाई गई। इस दौरान नरेंद्र जंबाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका किरण शर्मा, रेणुका और शालू ने निभाई। कार्यक्रम समन्वयक लतेश ने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों की ओर से विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पहाड़ी नाटी, पंजाबी डांस, एकल डांस और ग्रुप डांस पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इन प्रतियोगिताओं में जिला मंडी के जीपीएस बाल मंडी ने हाथा लौंदी लोटकू, जीसीपीएस पड्डल ने म्हारे पराशरा, आरसी पब्लिक स्कूल ने पंजाबी नृत्य, जीसीपीएस कालोनी ने सीमे कोठे उत्ते चढ़या कबूतर, सीएसएस पब्लिक स्कूल मंडी ने मैं बारी मैं बारी, दिव्य ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंडी ने डूगे नालूये और ओ चिरईया नन्ही सी गुड़िया अंगना में फिर आना रे, उजाला पब्लिक स्कूल ने मेरा नॉ डाडी का बिमला, गुरु गोबिंद स्कूल ने पहाड़ी नृत्य, सहयोग स्पेशल स्कूल ने नागचला ने देश रंगीला, अल्पाइन पब्लिक स्कूल मंडी ने पहाड़ी नृत्य पर शानदार प्रस्तुति दी।
विभिन्न गतिविधियों में यह रहे विजेता
खेलकूद प्रतियोगिता में तीसरे दिन 25 मीटर उल्टी दौड़ और 25 मीटर खरगोश दौड़ करवाई गई। जिसमें लड़कों की खरगोश दौड़ में गुरु गोबिंद स्कूल के भवेश प्रथम, स्वामी विवेकानंद स्कूल के कर्ण द्वितीय और एंग्लो संस्कृत स्कूल के ओजस तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, लड़कियों की दौड़ में स्वामी विवेकानंद स्कूल की मिसवा प्रथम, पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंडी की श्रेया और अल्पाइन पब्लिक स्कूल मंडी की कशिश द्वितीय और गुरु गोबिंद स्कूल पड्डल की सुनैना तृतीय स्थान पर रही। इसके अतिरिक्त 25 मीटर उल्टी दौड़ में एसवीएम महाजन बाजार मंडी के प्रतीक ठाकुर ने प्रथम, स्वामी विवेकानंद अरुणोदय स्कूल मंडी के सूरज आर्यन ने द्वितीय और गुरू गोबिंद स्कूल के दीनानाथ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की 25 मीटर उल्टी दौड़ में स्वामी विवेकानंद स्कूल की आरती प्रथम, एआरसी स्कूल की जय कौर ने द्वितीय और गुरु गोबिंद स्कूल की सानिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।