मंडी में बारिश के बाद व्यास का बढ़ा जल स्तर संवाद
मंडी/पंडोह। जिले में रात के समय बारिश का दौर जारी है। इससे ब्यास नदी के पानी में आवक बढ़ गई है। लारजी डैम से पानी छोड़ने के बाद पंडोह डैम भी पानी से लबालब हो रहा है। पंडोह डैम में पहुंच रहे पानी के हिसाब से ही छोड़ा जा रहा है। ब्यास नदी का जल स्तर बढ़ने के बाद सुकेती खड्ड व ब्यास नदी के संगम में जल स्तर पंचवक्त्र महादेव मंदिर की सीढि़यों तक पहुंच गया है।
बीबीएमबी प्रबंधन की मानें तो पंडोह डैम में पानी की आवक 21,385 क्यूसेक प्रति सेकेंड है, जबकि स्पिलवे से 12,385 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी की आवक बढ़ने का असर सीधा जल स्तर पर पड़ रहा है। इससे ब्यास तट पर बसे गांवों व आसपास रह रहे लोगों की चिंताएं भी बढ़ने लग गई है। हालांकि अभी तक जल स्तर खतरे के निशान से नीचे ही है।
कुल्लू जिला में भारी बारिश होने के बाद ब्यास नदी का जल स्तर और बढ़ने की आशंका है। हालांकि कुल्लू जिले में कम ही मेघ बरसे हैं। इस कारण जल स्तर बरसात के दौरान बढ़ा जरूर है, लेकिन खतरे जैसे हालात नहीं है।
उधर, एसडीएम सदर मंडी ओमकांत ठाकुर ने ब्यास नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की है। कहा कि किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। यह जानलेवा हो सकता है। वहीं, बीबीएमबी पंडोह के अधिशाषी अभियंता विवेक चोपड़़ा ने बताया कि पंडोह डैम में भी पानी की स्थिति नियंत्रण में है। पानी को लेकर पूरी निगरानी की जा रही है।