मंडी। सरवाहन और बटाहर से मंडी की दूरी अब आठ किलोमीटर कम होगी। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत 62 लाख की लागत से निर्मित सरवाहन से बटाहर तक सड़क का शुभारंभ किया। साथ ही एचआरटीसी की बस को हरी झंडी दिखाई। चार किलोमीटर लंबी इस सड़क के बनने से अब ग्राम पंचायत निचला लोट तथा बग्गी के दो गांवों सरवाहन तथा बटाहर की लगभग 400 की आबादी को लाभ पहुंचा है और मंडी के लिए यहां से दूरी लगभग 8 किमी कम हुई है।
मंत्री ने कहा कि इस सड़क को विधायक प्राथमिकता में डाला गया है और अब तक पूरे मार्ग पर लगभग डेढ़ करोड़ व्यय किए गए हैं। सड़क को पक्का करने के लिए नाबार्ड के माध्यम से तीन करोड़ 25 लाख का प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। देवधार से गोखड़ा-बग्गी-बटाहण लगभग 24 किलोमीटर सड़क के विस्तारीकरण और चौड़ा करने के कार्य पर लगभग 11 करोड़ खर्च होंगे। गतरवाग से सेहली-निचला थनौट सड़क को आगे थनौट तक निर्मित करने पर लगभग 6 करोड़ व्यय किए जाएंगे और इसका प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है। अनुसूचित जाति उप योजना के अंतर्गत बतौर वार्ड एक तक सड़क निर्माण के लिए लगभग 75 लाख व्यय किए जाएंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। इससे पूर्व स्थानीय ग्राम पंचायत बग्गी की प्रधान पूजा देवी, ललित पठानिया, शिवराम वर्मा, डीके वर्मा आदि मौजूद रहे।
पंडोह, लारजी और सुंदरनगर में चलेगी नौका
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निर्देशों पर ऊर्जा परियोजनाओं में निर्मित झीलों में नौकायन सहित अन्य पर्यटन गतिविधियों की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं और शीघ्र ही वे प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों के साथ पंडोह, लारजी और सुंदरनगर झील का दौरा कर रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेंगे।
यह की घोषणाएं
ऊर्जा मंत्री ने ग्राम पंचायत बग्गी में 15 लाख की लागत से निर्माणाधीन पंचायत घर के शेष कार्य के लिए चार लाख 21 हजार की अतिरिक्त राशि स्वीकृत करने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति बस्ती बटाहर के लिए दो लाख तथा गुगेहड़ी-जबराल-सड़क पर डंगे के निर्माण के लिए एक लाख प्रदान करने की भी घोषणा की। साथ ही पंचायत में भूमि की उपलब्धता पर मुख्यमंत्री लोक भवन योजना के अंतर्गत सामुदायिक भवन के लिए राशि उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया।