सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में निजी बस चालकों और परिचालकों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए वीरवार को एमएलएसएम कॉलेज के छात्रों ने एबीवीपी के बैनर तले बस स्टैंड पर एकत्रित हो जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने परिवहन निगम तथा निजी बस चालकों और परिचालकों के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप था कि निजी बस चालक व परिचालक बस में बैठने वाले छात्रों तथा बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और उन्हें लोकल सवारी न बैठाने की बात कह उतार देते हैं। उन्होंने ऐसा रवैया अपनाने वालों बस चालकों के रूट परमिट रद्द करने की मांग उठाई है। छात्रों के इस प्रदर्शन से बस स्टैंड पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। वहीं बस का इंतजार कर रही सवारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। एबीवीपी के छात्र नेता परीक्षित ने बताया कि कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को निजी बस चालक व परिचालकों के अलावा सरकारी बसों के चालक व परिचालक भी परेशान करते हैं जिस कारण उन्हेें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन निगम की ओर से बस स्टैंड स्थित काउंटर पर बस पास बनाने के लिए छात्रों को अलग से सुविधा प्रदान नहीं की जा रही है। जिस कारण पास बनवाने के लिए कॉलेज छोड़ कर उन्हें घंटों लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। पास बनवाने के बावजूद कुछ क्षेत्रों में बसें कम जाती हैं जो बसें जाती है उन्हें बस चालक छात्रों के लिए नहीं रोक रहे हैं। जिसके कारण जहां छात्रों का समय बर्बाद हो रहा है वहीं वे बस पास की सुविधा का फायदा भी नहीं उठा रहे हैं। उन्हें घर जाने के लिए घंटों परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने परिवहन निगम सुंदरनगर से छात्रों के बस पास की प्रक्रिया को जल्दी निपटाने की मांग उठाई।
छात्र परस राम, गोविंद परमार, नितेश शर्मा, विकास ठाकुर ने मांग की है कि बस चालकों को छात्र-छात्राओं के लिए बसें रोकने के कड़े निर्देश दिए जाएं। बस पास होने पर भी सरकारी बस के परिचालक छात्र-छात्राओं को आए दिन प्रताड़ित करते हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसका विपरीत असर छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का वह जल्द समाधान करेंगे। इधर, कालेज के छात्र-छात्राओं द्वारा बस स्टैंड पर प्रदर्शन करने के दौरान लोगों की भी भीड़ जमा हो गई। उन्होंने छात्रों के इस प्रदर्शन का समर्थन करते हुए चालक-परिचालकों को विनम्र होने की सलाह दी। इस अवसर पर एबीवीपी के कैंपस प्रधान योगराज शर्मा के अलावा सह सचिव परीक्षित कुमार, डिंपल, निखिल, गूंजन, सचिन, नवल तथा हैप्पी सहित अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रही।
परिचालक के अभद्र व्यवहार का विडियो भी हुआ वायरल
बस स्टैंड पर प्रदर्शन करते हुए छात्रों ने बताया कि निजी बसों के चालक व परिचालक सवारियों के साथ आए दिन दुर्व्यवहार करते हैं। स्कूल कालेज में पढने वाले छात्र-छात्राओं के अलावा बुजुर्ग भी उनके दुर्व्यवहार का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि ललित चौक से बस परिचालक केवल लंबे रूट की सवारियां बिठाने की ही बात करते हैं। यदि भोजपुर बाजार, बस स्टैंड, नरेश चौक, कालोनी या धनोटू की सवारी इन बसों में बैठती है तो उनके साथ ये लोग दुर्व्यवहार करते हैं। उन्होंने कहा कि जब बसों का रूट है तो उन्हें सवारियां बिठानी ही पड़ेंगी। परिचालकों की मनमानी नहीं चलेगी। उन्होंने बताया बुधवार शाम को ललित चौक पर एक निजी बस के परिचालक ने दर्जनों छात्रों को बस से उतार दिया था। जिसका विडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ है। उन्होंने एसडीएम कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया और कार्यालय में ज्ञापन सौंप कर निजी बस चालकों व परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।