गोहर/करसोग (मंडी)। जिला मंडी में बरसात से सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। सोमवार को सराज और करसोग क्षेत्र की 12 सड़कों पर भूस्खलन के कारण पहिए थमे रहे। सराज की थाच-क्षोड़, थाची-डिडर, कोट-देओल, बैंथल-सनारली, केल्टी से जैंशला और रायगढ़ से शंकरदेहरा सड़कें अवरुद्ध हैं।
करसोग के खनोल से सिद्धचुआसी, रसोल से डियून, कोटलू से कटांडा, रोपा-फेगड़ा मार्ग, शकलेरा-माहौग वाया नवीधार और भस्कल मार्ग शामिल हैं। अकेले लोक निर्माण विभाग मंडल जंजैहली में अब तक बरसात से विभाग को 13 करोड़ का नुकसान हुआ है।
वहीं उपमंडल गोहर में बरसात से सोमवार को दो मकान और एक गोशाला क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे करीब 21 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सभी सेब बाहुल क्षेत्र हैं। सड़कों की बदहाली के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता बलबीर ठाकुर ने कहा कि विभाग अवरुद्ध सड़कों को बहाल करने में जुटा हुआ है। सराजघाटी में बारिश का क्रम लगातार जारी है जिसके कारण लोनिवि को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। अभी सेब सीजन रफ्तार में नहीं है जिससे बागवानों को अभी कोई असुविधा नहीं हो रही है। एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने बताया कि लोनिवि को सड़कें सुचारु रखने के निर्देश दे दिए गए हैं।