धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र की पंचायत भरौरी के कोट गांव में एक मकान की रसोईघर में आग लगने से एक महिला झुलस गई है। ग्रामीणों की मदद से परिवार के सदस्यों ने आग पर समय रहते काबू पाया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे का बताया जा रहा है। आग से रसोईघर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है।
पुलिस के मुताबिक सोहन सिंह की बहू सुबह करीब छह बजे रसोईघर में गई। उसने चाय बनाने के लिए जैसे ही गैस सिलिंडर ऑन किया तो उसमें आग लग गई। इससे वह भी थोड़ी बहुत झुलस गई है। वह समय रहते बाहर निकली और अन्य को सूचित किया। सूचना मिलते ही गांववालों ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए मिट्टी, रेत और पानी का सहारा लिया गया। इसकी सूचना एसडीएम धर्मपुर एचएस राणा को आफिस कानूनगो देशराज कटवाल के माध्यम से दी गई और एसडीएम ने तुरंत पटवारी हल्का को पूरी रिपोर्ट लेेने के लिए मौका पर भेजा। नुकसान का आकलन करके जल्द रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए है। उधर आग लगने से रसोईघर में रखा सारा सामान जल गया है।