पधर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग मंडल मंडी-एक के तहत पर्यटन स्थल बरोट को जाने वाले घटासणी बरोट मार्ग पर रविवार को बारिश के दौरान टारिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बरोट घूमने आए कुछ सैलानियों ने विभाग की इस कारगुजारी को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसके बाद यह सूचना वायरल हो गई। विभाग की इस कारगुजारी से लोग हैरान है। जबकि, अधिकारियों का दावा है कि टारिंग साफ मौसम में ही की जा रही थी। अचानक बारिश आ गई। जब बारिश शुरू हुई तो कार्य अंतिम चरण में था।
जानकारी के अनुसार रविवार को लोनिवि की मशीनरी से घटासणी बरोट मार्ग पर घटासणी से झटिंगरी के बीच टारिंग की जा रही थी। इस बीच पर्यटन नगरी बरोट को जाने वाले सैलानियों को टारिंग के चलते कतारों में लगना पड़ा। ऐसे में बारिश के बीच टारिंग करने का वीडियो सैलानियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। रविवार को टारिंग का कार्य सिल्हास्वाड़ के पास चला हुआ था। इस मार्ग पर जब भी टारिंग हुई, बरसात के मौसम में ही उखड़ जाती है। मामले को लेकर अवकाश के चलते अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मंडी नंबर एक से बात नहीं हुई।
अचानक बारिश आ गई : एसडीओ
विभाग के एसडीओ आरएल ठाकुर का कहना है कि टारिंग का कार्य अंतिम चरण पर था। अचानक तेज बारिश आ गई। इस दौरान कार्य को रोक कर बारिश थमने के बाद दोबारा कार्य शुरू किया गया था। बारिश के दौरान टारिंग नहीं की गई है।