अमर उजाला ब्यूरो
नेरचौक (मंडी)। देशभर में चर्चा में रहने वाले पंजाब नेशनल बैंक की अब मंडी जिले की भंगरोटू शाखा की मशीन में गड़बड़ी सामने आई है जो कई सवाल खड़े कर रही है। चार दिन पहले एक खाताधारक कैश डिपॉजिट मशीन के जरिये साढ़े 16 हजार के नकली नोट जमा कर गया। नेरचौक पीएनबी भंगरोटू की शाखा में स्थापित मशीन में 500 रुपये के 33 नकली नोट मिले हैं। वीरवार को मामला सामने आने के बाद आनन-फानन में बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि मशीन नकली नोट कैसे ले सकती है। क्या पैसे जमा करवाने वाली मशीन में नकली नोट भी जमा करवा सकते हैं। ऐसे में आरबीआई की नकली नोटों को पकड़ने के तमाम दावों के बाद अगर ऐसा हुआ है तो बैंक कर्मियों की कार्यप्रणाली भी संदेह के घेरे में है। उधर, बैंक प्रबंधन का तर्क है कि नई मशीनें हर नोट स्वीकार कर लेती हैं। लेकिन नकली नोट एक तरफ रिटेन हो जाते हैं।
पीएनबी की नेरचौक शाखा में 16,500 रुपये के पांच-पांच सौ के नकली नोट जमा करवाए गए हैं। पुलिस के अनुसार वीरवार को मामला पुलिस थाना बल्ह में शिकायतकर्ता अंकित चौधरी प्रभारी पीएनबी शाखा भंगरोटू जिला मंडी की शिकायत पर दर्ज हुआ है कि दिनांक 18 फरवरी को पीएनबी शाखा नेरचौक में एक व्यक्ति ने 500 रुपये के कुल 33 नोट जमा करवाएं हैं। मुख्य आरक्षी टेक सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। एसपी मंडी गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि आईपीसी की धारा 489 के तहत केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
सर्किल के निर्देशों के बाद मुकदमा दर्ज
पीएनबी प्रभारी अंकित चौधरी ने बताया कि रविवार को भंगरोटू शाखा में पैसे जमा करवाने वाली मशीन में यह पैसे डाले गए हैं। सोमवार को कैश जब चेक किया जा रहा था तो उसमें नकली नोट निकले। मामले की सूचना सर्किल ऑफिस दी गई। वहां से मुकदमा दर्ज करने के आदेश आए, जिसके बाद मुकदमा दर्ज करवाया गया है। उनका कहना है कि नई मशीनों में सभी नोट एक्सेप्ट कर लिए जाते हैं। जो नोट सही नहीं हाते हैं, उन्हें मशीन अलग से रिटेन कर लेती है। इस मामले में भी ऐसा हुआ। 18 फरवरी को नोट जमा हुए। 19 शाम को मशीन ने 33 नोट अलग रिटेन किए थे। उसी शाम सर्किल आफिस में इसकी जानकारी दी गई। वीरवार को मामला दर्ज करवाने के निर्देश आए, जिसके तहत शिकायत दर्ज करवा दी गई है।
फोन पर कोड हासिल कर निकाले 42, 492 रुपये
सुंदरनगर (मंडी)। शहर के पुराना बाजार निवासी एक युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है। फोन पर फर्जी कॉल कर किसी ने उसका एटीएम का कोड हासिल कर लिया और उसके खाते से करीब 42 हजार रुपये उड़ा लिए। यह घटना छह फरवरी की रात की है। बुधवार को जब वह बैंक से रुपये निकालने गया तो खाते में राशि ने होने पर उसका माथा ठनका। इस पर उसने सुंदरनगर के बीएसएल थाना में अपने साथ हुई ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुराना बाजार निवासी शुभम गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता ने थाने में दर्ज अपनी प्राथमिकी में कहा है कि 6-7 फरवरी की रात को किसी ने उसके खाते से 42,492 रुपये निकाल लिए हैं। उसे बैंक के नाम पर एक फोन आया था, जिसमें उसका एटीएम कार्ड बंद होने की बात कही गई थी। इसे जारी रखने के लिए उसके एटीएम का कोड मांगा। इस दौरान 6 और 7 फरवरी की रात उसके खाते से 42,492 रुपये निकाल लिए गए। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मपुर में पोकलेन दुर्घटना के मामले में बयान
धर्मपुर थाना एसएचओ पृथी पाल ने कहा कि चालक का धर्मपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।