बलद्वाड़ा (मंडी)। समैला में सड़क किनारे खड़ी एचआरटीसी की 24 लाख की बस खाक हो गई। बस सुंदरनगर से समैला रूट पर चलती थी। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जबकि, एफएसएल की टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं। वहीं, आरएम सुंदरनगर ने भी मौके पर पहुंचकर विभागीय जांच शुरू कर दी है। चालक और परिचालक पर विभागीय जांच की गाज भी गिर सकती है। सोमवार को इस रूट की सेवा ठप रही। इसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुंदरनगर डिपो की बस एचपी 31-ए-9788 जो समैला बाजार में सड़क के नीचे खड़ी थी, आग से पूरी तरह खाक हो गई। आग रविवार रात करीब दस बजे लगी। बस चालक अमरजीत सिंह और परिचालक कर्म सिंह बस के करीब सौ मीटर दूर एक कमरे में सो रहे थे। जैसे ही उन्हें बस के सीसे टूटने की आवाज सुनाई दी तो दोनों बस की ओर भागे और देखा कि बस में पूरी तरह आग लग चुकी थी। लोगों ने इसकी सूचना समैला पंचायत के प्रधान अश्वनी कुमार को दी। प्रधान ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। लेकिन, जब तक फायर ब्रिगेड का वाहन पहुुंचता बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी। सुंदरनगर डिपो की यह बस सुंदरनगर से समैला तक आती थी। शनिवार को यह बस रात 7:30 बजे से सड़क किनारे खड़ी थी और रविवार को भी यहीं पर खड़ी थी। आरएम सुंदरनगर डिपो के अनुसार बस की कीमत 25 लाख रुपये है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एसएचओ बलद्वाड़ा अश्वनी कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है तथा फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया है। बलद्वाड़ा क्षेत्र में ऐसी घटना पहली बार घटी है। आग की इतनी बड़ी घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि सुंदरनगर डिपो की सुंदरनगर से समैला तक चलने वाली बस पिछले तीन सालों से इसी स्थान पर खड़ी होती थी। पंचायत प्रधान अश्वनी कुमार और उपप्रधान ज्ञान चंद ने प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है।